उम्मीद है कि नव नियुक्त मंत्री जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए ईमानदारी से काम करेंगे :विपक्ष के नेता सुनील शर्मा
जम्मू, 27 अक्टूबर (हि.स.)।
विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने मंगलवार को कहा कि वे जम्मू-कश्मीर मंत्रिमंडल में शामिल न हो पाने वाले विधायकों के साथ खड़े रहेंगे और मंत्री पद से वंचित रह गए लोगों के आंसू पोंछेंगे।
नए मंत्रियों को बधाई देते हुए शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नव नियुक्त मंत्री जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए ईमानदारी से काम करेंगे और राजनीतिक विवादों के बजाय जनहित पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं नव नियुक्त मंत्रियों को बधाई देता हूं। उन्हें जम्मू-कश्मीर की जनता के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए और सरकार जिस राजनीतिक खींचतान में फंसी है, उससे बाहर निकलकर आम जनता की सेवा करनी चाहिए।
मंत्रिमंडल में जगह न बना पाने वालों का जिक्र करते हुए शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को उनकी निराशा दूर करनी चाहिए और वे भी उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि मैं उनके आंसू पोंछूंगा, लेकिन ये उमर साहब की जिम्मेदारी है कि वे उनके आंसू पोंछें। हम भी उनके आंसू पोंछेंगे।
सरकार के भीतर मतभेदों और उसके गिरने की आशंकाओं से संबंधित खबरों के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने लोगों से जल्दबाजी में निष्कर्ष न निकालने का आग्रह किया और कहा कि शपथ ग्रहण समारोह को अभी मुश्किल से एक घंटा ही बीता है। उन्होंने आगे कहा कि धैर्य रखें, जल्दबाजी न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह