एसओ-12 चयन सूची में धांधली का भाजपा का आरोप, खेल मंत्री से इस्तीफे की मांग

 


जम्मू, 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जम्मू-कश्मीर सरकार पर खिलाड़ियों के साथ अन्याय करने और खेल विभाग में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एसओ-12 के तहत जारी उत्कृष्ट खिलाड़ियों की चयन सूची को तत्काल रद्द करने तथा खेल मंत्री के इस्तीफे की मांग की है। जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी प्रवक्ता एडवोकेट परिमोक्ष सेठ ने कहा कि उमर अब्दुल्ला सरकार के कार्यकाल में खेल विभाग कुप्रबंधन, पक्षपात और प्रशासनिक विफलता का उदाहरण बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों का खेल मंत्रालय से विश्वास उठ चुका है क्योंकि खेल मंत्री अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं। सेठ ने कहा कि खेल मंत्री विभाग पर नियंत्रण खो चुके हैं और वास्तविक खिलाड़ियों के हितों की रक्षा नहीं कर पाए हैं। उनका दावा था कि खेल जगत का विश्वास खो देने के बाद खेल मंत्री के पास पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है और उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि हाल ही में जारी एसओ-12 के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची में गंभीर धांधली और हेराफेरी की गई है। उनके अनुसार ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, पैरा ओलंपिक और अन्य मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले कई पात्र खिलाड़ियों को सूची से बाहर रखा गया जबकि ऐसे खेलों के खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई जिन्हें इन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में मान्यता प्राप्त नहीं है।

सेठ ने चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पांच गजटेड नियुक्तियों में से चार एक ही खेल विधा से कैसे की गईं और 72 लाभार्थी एक ही विधानसभा क्षेत्र से कैसे चुने गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पक्षपात और पात्र खिलाड़ियों को उनके अधिकारों से वंचित करने की सुनियोजित साजिश की ओर इशारा करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी एवं कोच को अब तक वेतन और अन्य वैधानिक सेवा लाभ नहीं दिए गए हैं जिसे उन्होंने सरकार के खिलाड़ी विरोधी रवैये का एक और उदाहरण बताया। सेठ ने कहा कि इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को खिलाड़ियों और युवाओं के प्रति जवाब देना चाहिए।

भाजपा ने मांग की कि मौजूदा एसओ-12 सूची को तत्काल निरस्त कर निष्पक्ष और मेरिट आधारित नई सूची तैयार की जाए। साथ ही चयन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पार्टी ने चयन के मानदंड, प्राप्त अंक, मूल्यांकन रिकॉर्ड और पात्र खिलाड़ियों को बाहर किए जाने के कारण सार्वजनिक करने की भी मांग की। भाजपा ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के वास्तविक खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है और खिलाड़ियों को न्याय मिलने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तथा पात्र खिलाड़ियों की गरिमा बहाल होने तक इस मुद्दे को उठाती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा