भारतीय कला संगम ने आयोजित की डोगरी लोक संगीत कार्यशाला
जम्मू, 08 जून (हि.स.)। भारतीय कला संगम (बीकेएस) जम्मू ने संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से रेपर्टरी अनुदान योजना के तहत राजकीय उच्च विद्यालय, रायपुर सतवारी में डोगरी लोक संगीत कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और डोगरी लोक संगीत एवं संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों का आनंद लिया। इस अवसर पर भारतीय कला संगम के अध्यक्ष टी.आर. शर्मा (सेवानिवृत्त केएएस) ने कहा कि संस्था वर्ष 1980 से डोगरा क्षेत्र की डोगरी भाषा, लोक संगीत और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दशकों में संस्था ने डोगरी लोक नृत्य, संगीत, साहित्यिक कार्यक्रमों तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के सम्मान समारोह आयोजित किए हैं। उन्होंने संस्कृति मंत्रालय द्वारा दिए जा रहे सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे डोगरी भाषा और संस्कृति के प्रचार के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन संभव हो पाया है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने भारतीय कला संगम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यशाला से विद्यार्थियों को संगीत एवं गायन की बुनियादी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों की प्रस्तुतियों की भी प्रशंसा की। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कला संगम की अध्यक्ष वैष्णो देवी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान तिलक राज टगोत्रा, मरीना जम्वाल, रवि रघुवंशी और दीपक सहित अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अंत में संस्था के निदेशक रमेश सिंह चिब ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए संस्कृति मंत्रालय और शिक्षा विभाग का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा