भारत तिब्बत सहयोग मंच ने पुंछ जिला कार्यकारिणी का किया गठन
जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। भारत तिब्बत सहयोग मंच (बीटीएसएम) ने वर्ष 2026-27 के लिए पुंछ जिला कार्यकारिणी की घोषणा की है। संगठन के राज्य सचिव एवं पुंछ जिला प्रभारी मुकेश कुमार ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अध्यक्ष डॉ. विवेक शर्मा से विचार-विमर्श के बाद नई टीम का ऐलान किया।
नई कार्यकारिणी में लक्ष्मीकांत शर्मा को जिलाध्यक्ष, अग्रिम रैना को जिला महासचिव, अभि शर्मा को उपाध्यक्ष तथा विशु शर्मा और सुजल मेहरा को जिला सचिव नियुक्त किया गया है।
नई टीम को संबोधित करते हुए मुकेश कुमार ने कहा कि संगठन पुंछ जिले में जनजागरूकता अभियान, संगोष्ठियां, युवा संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से भारत-तिब्बत संबंधों तथा तिब्बत से जुड़े ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मानवीय विषयों को लोगों तक पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक अपनी पहुंच मजबूत करना है।
डॉ. विवेक शर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम समर्पण और सेवा भाव के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिला पुंछ राष्ट्रीय सुरक्षा, भारत की सांस्कृतिक विरासत और तिब्बत से जुड़े मुद्दों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने जिला, ब्लॉक और गांव स्तर तक संगठन का विस्तार करने तथा युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और बुद्धिजीवियों को साथ जोड़ने का आह्वान किया।
नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी ने संगठन के केंद्रीय और केंद्र शासित प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वह पुंछ जिले में संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा