डॉ. भारत भूषण ने नगरी-परोल और खोख्याल में चार विकास कार्यों की रखी नींव, 40 लाख रुपये होंगे खर्च
कठुआ, 21 अक्टूबर (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने बुधवार को नगरी-परोल, मीरपुर राम, मीरपुर जग्गो और खोख्याल में करीब 40 लाख रुपये की लागत से चार विकास कार्यों का नींव पत्थर रखा। इन कार्यों में श्रद्धालुओं के लिए प्रतीक्षा शेड, सड़क एवं नाली निर्माण, टाइलिंग कार्य और युवाओं के लिए खेल मैदान का विकास शामिल है।
विधायक ने सबसे पहले नगरी-परोल स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन लाख रुपये की अनुमानित लागत से प्रतीक्षा शेड के निर्माण कार्य की शुरुआत की। इसके उपरांत विधायक ने मीरपुर राम पंचायत के अंतर्गत काई वाला चुम्बर क्षेत्र का दौरा किया और 12 लाख रुपये की लागत से गली, नाली एवं सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गांव में आजादी के 75 वर्ष बाद भी सड़क सुविधा का अभाव था। सड़क निर्माण पूरा होने से दुर्गम क्षेत्र के लगभग 50 घरों को पहली बार सड़क संपर्क की सुविधा मिलेगी जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। विधायक ने मीरपुर जग्गो गांव के मिनी स्टेडियम के समीप चार लाख रुपये की अनुमानित लागत से टाइलिंग कार्य का भी शुभारंभ किया। इस कार्य से गांव में खेल एवं अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में सुधार होगा।
इसके बाद डॉ. भारत भूषण ने खोख्याल गांव में युवाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में खेल मैदान के विकास कार्य की नींव रखी। उन्होंने बताया कि गांव के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मैदान के विकास के लिए 21 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। इस दौरान नागरी के खंड विकास अधिकारी प्रदीप सिंह, तहसीलदार आना जम्वाल, मंडल अध्यक्ष रवि अंद्रोटा, वरिष्ठ नेता शोभा गुप्ता, भानु प्रताप सिंह, अमित शर्मा, डॉ. गुंदीप, डॉ. केवल, राहुल गुप्ता, नरेश, प्रवेश पंडित, जौध सिंह सैनी सहित राजस्व एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी, स्थानीय युवा और ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया