पुंछ के मंडी इलाके में भालू के हमले लगातार जारी, एक महिला गंभीर रूप से घायल
पुंछ, 8 जुलाई(हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले की मंडी तहसील के अराई मलकान इलाके में बुधवार को भालू के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस इलाके में ऐसी घटनाओं का यह लगातार तीसरा दिन है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार अराई मलकान की रहने वाली और मोहम्मद ताज की पत्नी तज़ीम अख्तर पर उस समय भालू ने हमला कर दिया जब वह अपने घर के पास रोज़मर्रा के काम में लगी हुई थीं। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुँचे तब तक भालू उन्हें गंभीर रूप से घायल करके भाग गया। घायल महिला को एम्बुलेंस से मंडी के सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल ले जाया गया जहाँ उन्हें शुरुआती इलाज दिया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए पुंछ के डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि पिछले तीन दिनों में मंडी तहसील के सवजियन, लोरन और अब अराई में भालू के हमले की ऐसी ही घटनाएँ सामने आई हैं जिससे लोगों में डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूर-दराज के गांवों में भालुओं से जुड़े लगातार हो रहे हादसों और बढ़ते खतरे की जानकारी होने के बावजूद, वन्यजीव विभाग और प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम उठाने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने उप-राज्यपाल के नेतृत्व वाले प्रशासन से इस स्थिति पर तुरंत ध्यान देने और आगे के हमलों को रोकने व निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भालुओं को इंसानी बस्तियों से हटाकर जंगल के इलाकों में भेजने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता