तिरंगे के रंग में रंगा बसोहली, अतल सेतु पर लहराया 600 मीटर लंबा तिरंगा

 


बसोहली, 17 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के भव्य समापन के अवसर पर सोमवार को आइकॉनिक अटल सेतु से बसोहली नगर तक 600 मीटर लंबे तिरंगे के साथ विशाल रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बसोहली विधायक दर्शन सिंह, उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा ने रैली में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा और विशाल तिरंगा आकर्षण का केंद्र बना रहा। विधायक दर्शन सिंह ने युवाओं से नशे व सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल विकास की दिशा में आगे बढ़ने तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उपायुक्त ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक बताते हुए जनभागीदारी की सराहना की। एसएसपी ने युवाओं से अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाने की अपील की।

रैली ने देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश देते हुए 150 वर्ष की वंदे मातरम् यात्रा को भी यादगार बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया