गुज्जर बक्करवाल स्टूडैंट एलायंस ने जनगणना को लेकर उठाए सवाल

 

जम्मू,, 16 मई (हि.स.)।

गुज्जर बक्करवाल स्टूडैंट एलायंस ने जम्मू में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जनगणना 2026 को लेकर गुज्जर-बक्करवाल समुदाय की समस्याओं को उठाया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि गर्मियों के मौसम में गुज्जर-बक्करवाल समुदाय के लोग अपने पशुओं के साथ ऊंचे पहाड़ी इलाकों की ओर चले जाते हैं, ऐसे में उनकी जनगणना कराना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।

एलायंस के सदस्यों ने सवाल उठाया कि सरकार के पास इस घुमंतू समुदाय की सही जनगणना और डेटा अपलोड करने को लेकर क्या योजना है। उन्होंने कहा कि अधिकतर लोग दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों में रहते हैं और तकनीकी संसाधनों की कमी के कारण स्वयं ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन भी नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गुज्जर-बक्करवाल समुदाय के लिए विशेष जनगणना टीमें गठित की जाएं जो पहाड़ी और प्रवासी इलाकों में जाकर सही आंकड़े जुटा सकें। संगठन ने कहा कि यदि इस समुदाय को जनगणना प्रक्रिया में सही तरीके से शामिल नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में लोग सरकारी रिकॉर्ड से बाहर रह सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता