बहु फोर्ट पुलिस ने ड्रग नेटवर्क का किया खुलासा

 

जम्मू,, 04 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू पुलिस के साउथ ज़ोन ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बहु फोर्ट पुलिस स्टेशन की टीम ने 265 ग्राम हेरोइन (व्यावसायिक मात्रा) और 21 लाख की नकद राशि बरामद की है, जिसे एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध से अर्जित धन माना जा रहा है। इस गंभीर मामले की जांच स्वयं एसएसपी जम्मू और एसपी साउथ जम्मू की निगरानी में की जा रही है। पुलिस को राजीव नगर इलाके में युवाओं द्वारा नशीले पदार्थों के इंजेक्शन लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली थी जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी पाल सिंह निवासी राजीव नगर को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आगे की जांच में नशे की कमाई से जुड़े लेन-देन का खुलासा हुआ जिसके तहत लाखदत्ता बाजार स्थित एक मकान से 7.90 लाख नकद बरामद किए गए जबकि बाद में 13.09 लाख की अतिरिक्त राशि भी सामने आई। कुल 21 लाख की रकम को ड्रग तस्करी से अर्जित धन मानते हुए जब्त किया गया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता