बाबा जित्तो संघर्ष समिति ने झिड़ी देवस्थान से सम्मान की लड़ाई का अभियान शुरू किया
जम्मू,, 01 नवंबर (हि.स.)।
बाबा जित्तो संघर्ष समिति ने बाबा जित्तो जी के सम्मान और उनकी ऐतिहासिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक नए अभियान की शुरुआत की है। समिति के पदाधिकारियों ने जम्मू के झिड़ी स्थित बाबा जित्तो देवस्थान पहुंचकर बाबा जित्तो जी के चरणों में पुष्प अर्पित किए और उनके सम्मान की लड़ाई को जम्मू-कश्मीर के हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बाबा जित्तो जी का इतिहास संघर्ष, बलिदान और किसानों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा जित्तो जी ने किसानों के सम्मान और उनके हक के लिए जो संघर्ष किया, उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है।
समिति ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को बाबा जित्तो जी के गौरवशाली इतिहास, उनके बलिदान और किसानों के प्रति उनके योगदान से अवगत करवाना है।
पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि बाबा जित्तो जी को उचित सम्मान दिलाने के लिए शुरू किया गया यह अभियान अब केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जम्मू-कश्मीर के हर घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
समिति ने कहा कि बाबा जित्तो जी की विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित करवाना इस अभियान की प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।
झिड़ी देवस्थान से शुरू किए गए इस अभियान के जरिए बाबा जित्तो संघर्ष समिति ने उनके इतिहास और सम्मान के मुद्दे को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता