झिड़ी में प्रशासन की कथित अनदेखी से नाराज संघर्ष समिति ने इंडोर स्टेडियम पर खुद लगाया बाबा जित्तो के नाम का बोर्ड

 

जम्मू,, 16 नवंबर (हि.स.)।

झिड़ी स्थित बाबा जित्तो देवस्थान में बने इंडोर स्टेडियम पर शहीद किसान बाबा जित्तो का नाम प्रदर्शित नहीं किए जाने से नाराज शहीद किसान बाबा जित्तो संघर्ष समिति ने खुद स्टेडियम पर बाबा जित्तो के नाम का बोर्ड लगा दिया। समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह जम्वाल ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा स्टेडियम को बाबा जित्तो के नाम समर्पित किए जाने के करीब एक साल बाद भी प्रशासन ने नाम का बोर्ड नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार प्रशासन और स्थानीय एमएलए के सामने उठाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। समिति ने स्कास्ट जम्मू का नाम बाबा जित्तो के नाम पर रखने और उनके जीवन व बलिदान को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी दोहराई। प्रताप सिंह जम्वाल ने भाजपा विधायकों से चुनावी वादे पूरे करने की अपील की और एलजी मनोज सिन्हा से स्टेडियम को जल्द चालू करवाने के लिए हस्तक्षेप मांगा। इस मौके पर यूथ राजपूत सभा के संस्थापक और उम्मीद फाउंडेशन के चेयरमैन सुरिंदर सिंह गिल्ली ने भी समिति को समर्थन देते हुए प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताई। कार्यक्रम में गरु शर्मा, भानु प्रताप गोरिया, नीरज लंगेह, गुरजीत सिंह और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता