बावे वाली माता को समर्पित भजन ‘बावे वाली दी लाडली’ रिलीज

 


जम्मू, 13 अक्टूबर (हि.स.)। बावे वाली माता को समर्पित भक्ति भजन ‘बावे वाली दी लाडली’ को जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), जम्मू के कार्यालय में रिलीज किया गया। कार्यक्रम में डीआईसी जम्मू के महाप्रबंधक अभिषेक अबरोल मुख्य अतिथि जबकि सामाजिक कार्यकर्ता एवं संवेदना सोसाइटी के अध्यक्ष केशव चोपड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डीआईसी की कार्यात्मक प्रबंधक रूही खजुरिया और रूपिंदर कौर तथा अनुभाग अधिकारी मनोज कुमार गंडोत्रा भी मौजूद रहे।

भजन को रजनी सूफी म्यूजिक ने प्रस्तुत किया है। इस अवसर पर अभिषेक अबरोल ने रजनी सूफी और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल जम्मू-कश्मीर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने रचनात्मकता और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए डीआईसी की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया तथा युवाओं को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

केशव चोपड़ा ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाशाली गायकों, संगीतकारों और अन्य कलाकारों को प्रोत्साहन एवं पहचान मिलना जरूरी है। उन्होंने संवेदना सोसाइटी की ओर से स्थानीय प्रतिभाओं को सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर संगीत, खेल और उद्यमिता जैसी सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की।

इस भजन में रजनी सूफी ने गायिका, गीतकार और संगीतकार की भूमिका निभाई है जबकि संगीत डॉ. वी. कैथ ने तैयार किया है। सना इस परियोजना की निर्माता हैं। पीयूष चरक ने कैमरा निदेशक, मोहित सिंह ने सहायक निदेशक और आरवी रिकी ने वीडियो निदेशक की जिम्मेदारी निभाई। यह प्रस्तुति द आरवी फिल्म्स के बैनर तले तैयार की गई है।

कार्यक्रम में निर्भय सलाथिया, अशोक कुमार, रवि कुमार, अमित कुमार, संध्या महाजन और अमित मीनिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा