नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत कठुआ में जागरूकता रैली का आयोजन

 


कठुआ, 05 मई (हि.स.)। जिले में नशा विरोधी अभियान को गति देते हुए उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जिला सैनिक कल्याण कार्यालय से एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, युवाओं, विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने शहर में मार्च करते हुए नशे के खिलाफ संदेश देने वाले बैनर और तख्तियां उठाईं तथा जागरूकता से जुड़े नारे लगाए। यह रैली 100 दिवसीय अभियान का हिस्सा है जिसका उद्देश्य विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और राष्ट्र निर्माण की ओर ध्यान देने की अपील की।

रैली के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ ली। इस अवसर पर एडीसी विशवजीत सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी वरुण चौधरी, जिला सूचना अधिकारी राजिंदर कुमार डिगरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया