दयालाचक में नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता रैली, समाज ने लिया नशा छोड़ने का संकल्प
कठुआ/हीरानगर, 07 मई (हि.स.)। नशा मुक्त अभियान के तहत दयालाचक में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एंजल हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल एवं पूर्व सरपंच सरदारी लाल द्वारा एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस दौरान एंजल हायर सेकेंडरी स्कूल से रेलवे ब्रिज दयालाचक तक एक विशाल पदयात्रा निकाली गई, जिसमें छात्रों, पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों, धार्मिक नेताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नशा विरोधी संदेश दिए और जागरूकता के नारे लगाए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम फूलैल सिंह ने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है जिससे निपटने के लिए प्रशासन और समाज को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने की अपील की।
इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, धार्मिक संतों और समाज के गणमान्य लोगों ने भी नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया