जीडीसी बसोहली में नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 


बसोहली, 25 जून (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा के संरक्षण में एनएमबीए कमेटी और कॉलेज वेल-बीइंग एंड एंटी-सब्स्टेंस सेल द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।

इस दौरान जागरूकता सत्र, छात्र समूह चर्चा, हस्ताक्षर अभियान, नशा विरोधी शपथ, डोर-टू-डोर जागरूकता और पौधारोपण जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. रविंदर कौर ने किया जबकि डॉ. नेहा बंद्राल सहित अन्य संकाय सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। कॉलेज परिसर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी जागरूकता अभियान चलाया गया जिसमें लोगों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन, से नो टू ड्रग, से येस टू लाइफ के संकल्प के साथ हुआ जिसमें सभी ने स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया