जीडीसी बनी में उद्यम जागृति 5.0 हैकाथॉन पर जागरूकता कार्यक्रम

 


बनी, 25 अगस्त (हि.स.)। राजकीय डिग्री कॉलेज बनी में मिशन युवा के तहत उद्यम जागृति 5.0 हैकाथॉन को लेकर दूसरा जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सेमेस्टर के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कॉलेज के निदेशक शारीरिक शिक्षा एवं खेल तथा मिशन युवा के नोडल अधिकारी डॉ. जे एस सूदन ने विद्यार्थियों को हैकाथॉन के उद्देश्यों, पंजीकरण, आइडिया सबमिशन और उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, समस्या समाधान और स्टार्टअप संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नीना गुप्ता ने मिशन युवा और उद्यम जागृति 5.0 टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से सक्रिय रूप से पंजीकरण करवाने और अपने नवाचारपूर्ण विचार प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कॉलेज विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच, कौशल विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. निशा देवी एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज के कई शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया