मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम पर जागरूकता कार्यक्रम
हीरानगर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी जीएलडीएम डिग्री कॉलेज हीरानगर में नशा मुक्त भारत अभियान और मनोदर्पण के तहत मानसिक स्वास्थ्य एवं आत्मघाती व्यवहार के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और समय पर विशेषज्ञों की सहायता लेने के प्रति जागरूक करना था।
उप-जिला अस्पताल हीरानगर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों, समय पर परामर्श लेने और भावनात्मक परेशानियों से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने के महत्व की जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. प्रज्ञा खन्ना ने विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं पर खुलकर बातचीत करने और जरूरत पड़ने पर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी चर्चा में भाग लेते हुए मानसिक स्वास्थ्य और आपसी सहयोग के महत्व पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन मनोदर्पण की नोडल अधिकारी डॉ. हरविंदर कौर और नशा मुक्त भारत अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. राकेश शर्मा की देखरेख में हुआ। प्रो. शिवानी सलाथिया ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया