महानपुर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया
कठुआ/महानपुर, 29 मई (हि.स.)। प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन के मार्गदर्शन में राजकीय डिग्री कॉलेज महानपुर में शुक्रवार को नशा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. सपना द्वारा किया गया जिसमें छात्रों, स्टाफ तथा स्थानीय लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशे के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक स्थिरता पर पड़ने वाले गंभीर प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि नशे की लत गंभीर बीमारियों, आर्थिक बर्बादी, कानूनी समस्याओं और युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है। इस अवसर पर प्रो. मीनू, प्रो. अंबिका, स्टाफ सदस्य श्री रमेश, कुलदीप, अनु और सुरिंदर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु सामूहिक शपथ ली। प्राचार्य डॉ. संगीता सूदन ने अपने संबोधन में कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को नशे के खतरे से बचाने के लिए जागरूक करें और समाज को स्वस्थ एवं नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया