नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जीडीसी मढ़हीन में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं से नशे के खिलाफ आगे आने की अपील
कठुआ, 15 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत के अवसर पर बुधवार को गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मढ़हीन में “ड्रग एब्यूज” विषय पर एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
यह कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुपमा गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। अपने प्रेरणादायक संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को इस सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक होकर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. शल्लू रानी, विभागाध्यक्ष डोगरी विभाग के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात प्रो. अनूप शर्मा, संयोजक आईक्यूएसी ने अपने व्याख्यान में नशा सेवन के मनोवैज्ञानिक, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे सही निर्णय लें और समाज में बदलाव के दूत बनें। उन्होंने युवाओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने में युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. बलबिंदर सिंह (संयोजक, एनएमबीए) ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए प्राचार्य, संकाय सदस्यों एवं छात्रों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण देव सिंह, डॉ. मुनिशा देवी, प्रो. मनु सैनी, प्रो. चरण सिंह, डॉ. प्रीति खजूरिया, डॉ. रीमी वर्मा और डॉ. सोनिया सैनी सहित अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु संकल्प दिलाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया