जीजीएम साइंस कॉलेज में ‘ई-बर्ड ऐप’ पर जागरूकता व्याख्यान, पर्यावरण संरक्षण के साथ नशामुक्ति का संदेश
जम्मू, 04 मई (हि.स.)। जम्मू स्थित गवर्नमेंट गांधी मेमोरियल (जीजीएम) साइंस कॉलेज में आज “ई-बर्ड ऐप और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए नागरिक विज्ञान” विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यूजीसी एनईपी सार्थी, पर्यावरण विज्ञान विभाग, एनएसएस और एनसीओआरडी के संयुक्त सहयोग से प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमेश कुमार गुप्ता ने युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आत्म-अनुशासन, जागरूकता और सही निर्णय ही वर्तमान चुनौतियों जैसे पर्यावरणीय क्षरण और नशे की समस्या से निपटने के लिए जरूरी हैं। उन्होंने छात्रों को वैज्ञानिक सोच, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के साथ संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज आर.एस. पुरा के वरिष्ठ पर्यावरण वैज्ञानिक डॉ. सुदेश कुमार ने पक्षियों की विविधता और ई-बर्ड ऐप के उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह ऐप नागरिक विज्ञान का एक प्रभावी माध्यम है जिसके जरिए छात्र और प्रकृति प्रेमी पक्षियों के आंकड़े एकत्र कर वैज्ञानिक शोध और पर्यावरण निगरानी में योगदान दे सकते हैं। डॉ. कुमार ने यह भी कहा कि बर्ड वॉचिंग युवाओं के लिए एक सकारात्मक और स्वस्थ गतिविधि है जो उन्हें प्रकृति से जोड़ती है और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में सहायक हो सकती है। उन्होंने इको-टूरिज्म और बर्डिंग के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के उद्देश्यों के अनुरूप आयोजित किया गया जिसमें छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. पंकज गुप्ता ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन डॉ. नेहा शर्मा ने किया। अन्य उपस्थित सदस्यों में डॉ. राहुल कैत, प्रो. पूनम, डॉ. रोहित भारद्वाज, प्रो. मुजफ्फर शेख, प्रो. संजय और डॉ. सुखदीप सिंह शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा