विश्व टीबी दिवस पर कठुआ में जागरूकता अभियान शुरू, 89 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित

 


कठुआ, 24 मार्च (हि.स.)। विश्व टीबी दिवस के अवसर पर जिला टीबी अस्पताल कठुआ में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में भाग लिया और जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर उपायुक्त ने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों के उपचार के लिए सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और घर-घर तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि टीबी मरीजों के प्रति सहयोग और समर्थन का भाव रखें। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में उन्नत एक्स-रे सुविधा भी जनता को समर्पित की गई। जिला क्षय रोग अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले की 89 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है, जो स्वास्थ्य विभाग और निक्षय मित्रों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उपायुक्त ने उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त शपथ भी दिलाई और टीबी मुक्त पंचायतों में योगदान देने वाले एमएलएचपी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया