नगरी और चड़वाल में गोवंश तस्करी के प्रयास नाकाम, 35 गोवंश मुक्त, दो वाहन जब्त

 




कठुआ, 04 सितंबर (हि.स.)। गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कठुआ पुलिस ने नगरी और चड़वाल क्षेत्र में तस्करी के दो प्रयासों को नाकाम कर 35 गोवंश को मुक्त करवाया और दो वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा आईपीएस की देखरेख में की गई।

पहली कार्रवाई में नगरी पुलिस पोस्ट की टीम ने नडोली क्षेत्र में नाके के दौरान पंजाब से नगरी की ओर आ रहे ट्रक जेके02सीई-9671 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 11 गाय और 8 बैल समेत 19 गोवंश बरामद किए गए। मामले में थाना कठुआ में एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई में राजबाग पुलिस ने चड़वाल एनएचडब्ल्यू पर नाके के दौरान ट्रक यूके07सीडी-6540 को रोककर जांच की। चालक मौके से फरार हो गया और वाहन से 16 गोवंश बरामद हुए। इस संबंध में थाना राजबाग में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि गोवंश तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना 112 या 9858034100 पर देने की अपील की है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया