एमए स्टेडियम में आयोजित हुई अस्मिता सिटी वूमेन साइक्लिंग लीग 2026, महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जम्मू, 06 जून (हि.स.)। साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर द्वारा साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में शनिवार को ऐतिहासिक एमए स्टेडियम जम्मू में अस्मिता सिटी वूमेन लीग 2026 का आयोजन किया गया। महिला खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की 30 से अधिक महिला साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के साथ विश्व साइकिल दिवस रैली का भी आयोजन किया गया जिसमें 60 से अधिक साइकिलिस्टों, फिटनेस प्रेमियों और साइक्लिंग समर्थकों ने हिस्सा लिया। रैली के माध्यम से स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, फिट जीवनशैली और साइकिल को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के रूप में अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जम्मू पूर्व के विधायक युद्धवीर सेठी ने किया जबकि सम्मानित अतिथि के रूप में अनीसा नबी उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने महिला खेलों को बढ़ावा देने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजकों की सराहना की। प्रतियोगिता को साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ जम्मू एंड कश्मीर के चेयरमैन एवं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त सचिव रविंदर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि संगठन महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और साइक्लिंग प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सब-जूनियर वर्ग में हिरण्या ने स्वर्ण पदक, अदिति ने रजत और प्राजनाथ ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में कुमारी ज्योति ने स्वर्ण, चांदनी कुमारी ने रजत और वीवा शर्मा ने कांस्य पदक जीता। एलीट वर्ग में अनु तलवार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि हरप्रीत भल्ला ने रजत और पायल जैन ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा