बसोहली के कारीगरों को मिलेगी पश्मीना बैंक और टेस्टिंग लैब की सुविधा
बसोहली, 21 नवंबर (हि.स.)। हस्तशिल्प एवं हथकरघा विभाग की ओर से शनिवार को बसोहली के वार्ड नंबर-8 में रैंप योजना के तहत एक दिवसीय जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में विभाग की सहायक निदेशक इक्षु शर्मा सहित अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पश्मीना शॉल और बसोहली पेंटिंग से जुड़े कारीगरों एवं उद्यमियों ने भाग लिया।
इस मौके पर एडीसी पंकज भगोत्रा ने कहा कि बसोहली पेंटिंग और बसोहली पश्मीना शॉल विश्वभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। इन पारंपरिक कलाओं का संरक्षण और संवर्धन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कारीगरों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने, पंजीकरण करवाने और आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप अपने उत्पादों में नवाचार लाने की अपील की। वहीं सहायक निदेशक इक्षु शर्मा ने रैंप योजना के उद्देश्यों, पात्रता, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण, विपणन सुविधाओं और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बसोहली के सीएफसी केंद्र में पश्मीना बैंक स्थापित किया जाएगा जहां स्थानीय पश्मीना कारीगरों को कच्चा माल उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे उन्हें कच्चे माल की खरीद के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय व खर्च की बचत होगी। इसके अलावा केंद्र में पश्मीना टेस्टिंग लैब भी स्थापित की जाएगी जिससे जम्मू-कश्मीर के लोगों को पश्मीना की शुद्धता की जांच स्थानीय स्तर पर करवाने की सुविधा मिलेगी। शिविर के दौरान कारीगरों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया