राजौरी में फॉरवर्ड पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान फिसलने से आर्मी जवान की मौत
Jul 22, 2026, 15:27 IST
राजौरी, 22 जुलाई(हि.स.)। राजौरी ज़िले के सुंदरबनी सेक्टर में एक फॉरवर्ड पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान फिसलने से सेना के एक जवान की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि मृतक जो 19 जम्मू-कश्मीर राइफल्स का राइफलमैन था और फॉरवर्ड लोकेशन पर तैनात था। उन्होंने बताया कि पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान फिसलने के कारण राइफलमैन को गंभीर चोटें आईं और ड्यूटी के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान पंजाब के रहने वाले राइफलमैन सुखप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। अधिकारी ने कहा कि घटना का संज्ञान ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता