पुंछ में एलओसी के पास मिलीं पांच लैंडमाइन, सेना ने सुरक्षित तरीके से किया नष्ट

 

पुंछ, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास सेना ने पांच लैंडमाइन का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। सेना के बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोटों के जरिए इन लैंडमाइन को नष्ट किया। इस दौरान किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार सुबह बसोनी टॉप क्षेत्र में सीमा बाड़ के पास गश्त कर रहे सेना के जवानों को दो लैंडमाइन मिलीं। इससे पहले शुक्रवार को इसी क्षेत्र में तीन अन्य लैंडमाइन का पता चला था। सेना के बम निरोधक दस्ते ने सभी पांचों लैंडमाइन को नियंत्रित विस्फोटों के माध्यम से नष्ट कर दिया।

अधिकारियों के अनुसार, नियंत्रण रेखा से सटे अग्रिम इलाकों में घुसपैठ रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत लैंडमाइन बिछाई गई हैं। हालांकि, भारी बारिश के कारण कभी-कभी ये लैंडमाइन अपने स्थान से बहकर ऐसे इलाकों में पहुंच जाती हैं, जहां लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह