कठुआ साइक्लोथॉन में भाग लेने के लिए युवाओं से अपील, ऑनलाइन पंजीकरण शुरू
कठुआ, 02 नवंबर (हि.स.)। फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 22 नवंबर को आयोजित होने वाले कठुआ साइक्लोथॉन-2026 पेडल फॉर ए पर्पज में भाग लेने के लिए युवाओं और साइकिल प्रेमियों से उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की गई है। इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो चुका है और प्रतिभागियों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।
बरवाल एथलेटिक क्लब कठुआ के रंजीत सिंह पठानिया तथा बाइसिकल फॉर चेंज क्लब के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने जिले के लोगों, विशेषकर युवाओं और साइकिलिंग के शौकीनों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साइक्लोथॉन केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और नशामुक्त कठुआ के संकल्प को मजबूत करने का एक सामूहिक प्रयास है। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रतिभागियों को केवल अपना पंजीकरण करवाना होगा और अपनी साइकिल लेकर आयोजन में पहुंचना होगा। साइक्लोथॉन के लिए इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनकर स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त कठुआ के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया