गोवंशों की दर्दनाक मौत पर गुस्साए गौ रक्षा दल का प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग

 




कठुआ, 24 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां ट्रक में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे 14 गोवंशों की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार लखनपुर की ओर से जम्मू की तरफ जा रहे एक ट्रक को छन्नी के पास रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रक में बेहद अमानवीय तरीके से भरे गए 14 गोवंश तड़प-तड़प कर दम तोड़ चुके थे। इसके बाद गौ रक्षा दल के सदस्यों ने सभी मृत 14 गोवंशों का दफनाकर अंतिम संस्कार भी किया। गौ रक्षा दल के गुस्साए कार्यकर्ताओं ने जिला सचिवालय के समीप नारेबाजी करते हुए प्रशासन के खिलाफ रोष जताया।

गौ रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष सनी शर्मा और शशि शर्मा ने इस घटना को बेहद निर्दयी बताते हुए सरकार, जिला प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गो माता के नाम पर वोट लेने वाले ऐसे मामलों में चुप्पी साध लेते हैं और सरकारें इस पर सख्त कानून नहीं बना रही, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे गोरक्षा के लिए खुद सख्त कदम उठाने को मजबूर होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया