आंगनवाड़ी वर्कर्स ने सीडीपीओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन का ऐलान किया
जम्मू,, 26 जुलाई (हि.स.)।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनवाड़ी वर्कर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने विभिन्न मांगों को लेकर जिला स्तर पर सीडीपीओ कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर पुराने और तकनीकी रूप से अनुपयुक्त मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन कार्य करने का दबाव बनाया जा रहा है। संगठन का कहना है कि वर्ष 2018-19 में दिए गए मोबाइल अब उपयोग योग्य नहीं हैं जबकि कार्यभार लगातार बढ़ गया है।
एसोसिएशन की महासचिव शोभा शर्मा ने आरोप लगाया कि सीडीपीओ और सुपरवाइजर कार्यकर्ताओं से शपथ पत्र लिखवाने तथा तकनीकी समस्याओं के बावजूद कार्रवाई की चेतावनी दे रहे हैं।
संगठन ने विभाग से सभी कार्यकर्ताओं को नए मोबाइल, सिम और रिचार्ज उपलब्ध कराने की मांग की है।
एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि मानदेय, पोषण ट्रैकर प्रोत्साहन राशि, ईंधन और किराया भत्ता समय पर जारी नहीं किया जा रहा है। साथ ही सेवानिवृत्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ग्रेच्युटी का भुगतान भी लंबित है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता