अनंतनाग पुलिस ने एनडीपीएस के 8 मामले दर्ज किए, सात संदिग्धों को किया गिरफ्तार

 

अनंतनाग, 26 अक्टूबर(हि.स.)l अनंतनाग पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके सेवन के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। जिले भर में चलाए गए कई अभियानों के दौरान, पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत आठ मामले दर्ज किए हैं, सात संदिग्धों को पकड़ा है, एक वाहन जब्त किया है और 7.86 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार नशीले पदार्थों की समस्या पर लगाम लगाने और इनमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने ये अभियान चलाए। एक अभियान के दौरान अनंतनाग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने नवाथू डंटर इलाके से सरीर अहमद भट पुत्र खाजिर मोहम्मद भट निवासी चिरहामा मीरबाजार को पकड़ा। उसके पास से लगभग 230 ग्राम चरस जैसा पाउडर बरामद किया गया। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने हुंडई आई 10 कार (रजिस्ट्रेशन नंबर जेके05बी-3181) को रोका जिसे मीरडंटर निवासी मोहम्मद अल्ताफ भट पुत्र अब्दुल मजीद भट चला रहा था। तलाशी के दौरान,l पुलिस ने लगभग 153 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया। वाहन को जब्त कर लिया गया और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

वजीरबाग और अनंतनाग पुलिस स्टेशन के पीछे चलाए गए अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने बिट्टू दंतनी पुत्र राजू दंतनी मूल निवासी चापुर मेहदी कुआं, अहमदाबाद, गुजरात वर्तमान निवासी अचबल अड्डा अनंतनाग और अजय कुमार पुत्र किशन कुमार निवासी वेरूगम काडी गुजरात को पकड़ा। पुलिस के अनुसार दंतनी के पास से लगभग 17 ग्राम और कुमार के पास से 22 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद किया गया।

इस बीच एक पुख्ता जानकारी के आधार पर पुलिस पोस्ट संगम ने बलियार मरहामा के रहने वाले बिलाल अहमद भट पुत्र अब्दुल वहाब भट के घर पर तलाशी ली। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 7.170 किलोग्राम गांजे जैसा पदार्थ बरामद किया गया। तलाशी के समय संबंधित व्यक्ति वहां मौजूद नहीं था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी नंबर 323/2026 दर्ज की गई है और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश कर उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

एक अन्य कार्रवाई में पुलिस पोस्ट शेरबाग की एक टीम ने अनंतनाग की जंगलात मंडी के रहने वाले दानिश मंजूर शेख पुत्र मजूर अहमद को हाई ग्राउंड के पास पकड़ा। पुलिस के अनुसार उसके पास से लगभग 205 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसी तरह पुलिस स्टेशन मट्टन की एक टीम ने गोपालपोरा, मट्टन के रहने वाले जावेद मुख्तियार पशू पुत्र मु ख्तयार अहमद पशू को पकड़ा। उसके पास से लगभग 52.6 ग्राम चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में, पुलिस स्टेशन मट्टन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी नंबर 123/2026 दर्ज की गई है।

एक अलग कार्रवाई में पुलिस पोस्ट डीके की एक टीम ने ब्रिन्टी के रहने वाले बशीर अहमद भट पुत्र महम्मद अब्दुल्ला भट को पकड़ा और उसके पास से लगभग 15 ग्राम चरस बरामद की। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता