अनंतनाग पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज की, पांच लोग गिरफ्तार
अनंतनाग, 12 नवंबर (हि.स.)।नशीले पदार्थों की तस्करी और उनके दुरुपयोग के खिलाफ अपने निरंतर अभियान को जारी रखते हुए अनंतनाग पुलिस ने जिले भर में पांच अलग-अलग अभियान चलाए। इन अभियानों के परिणामस्वरूप पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 2.2 किलोग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए गए।
पहले अभियान में पुख्ता जानकारी के आधार पर ऐशमुकाम पुलिस स्टेशन की टीम ने अहमदज़ू निवासी रहमत शाह के बेटे मोहम्मद अशरफ शाह के पशुबाड़े (गोशाला) की तलाशी ली। आरोप है कि उसने वहां बेचने के उद्देश्य से नशीले पदार्थ छिपा रखे थे। तलाशी के दौरान लगभग 1.446 किलोग्राम भांग-भूसा बरामद किया गया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी नंबर 107/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच जारी है।
एक अन्य अभियान में डोरू पुलिस स्टेशन की एक टीम ने शंकरपोरा क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा और उसके पास से लगभग 100 ग्राम चरस बरामद की। डोरू पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी तरह अनंतनाग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने नटीपोरा खानाबल निवासी शब्बीर अहमद शुगन के बेटे फैसल शब्बीर शुगन को नटीपोरा से पकड़ा और उसके पास से लगभग 200 ग्राम चरस बरामद की। इस मामले में भी केस दर्ज कर लिया गया है।
चौथे अभियान में डायलगाम पुलिस चौकी की एक टीम ने वावथ्रू नादूरा निवासी खुर्शीद अहमद नाइकू के बेटे उबैद खुर्शीद नाइकू को पकड़ा और उसके पास से लगभग 100 ग्राम चरस पाउडर बरामद किया। इस संबंध में अनंतनाग पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी नंबर 419/2026 दर्ज की गई है।
पांचवें ऑपरेशन के दौरान रात की गश्त पर निकली श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन की एक टीम ने हितिगाम क्रॉसिंग पर हितिगाम निवासी आबिद हुसैन भट (पुत्र फारूक अहमद भट) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 329.6 ग्राम चरस पाउडर बरामद हुआ। इस मामले में श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्राथमिकी नंबर 114/2026 दर्ज की गई है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता