अवैध रूप से दवाइयों की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार

 

जम्मू, 21 नवंबर (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दिल्ली से कश्मीर घाटी में अवैध रूप से दवाइयों की आपूर्ति करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि इस कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और विभिन्न दवाइयों की पांच लाख से अधिक गोलियां, कैप्सूल और बोतलें जब्त की गई हैं। एनसीबी के एक प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली क्षेत्रीय इकाई के समन्वय से एनसीबी की जम्मू क्षेत्रीय इकाई द्वारा चलाए गए इस सफल अभियान से वैध आपूर्ति श्रृंखला से दवाइयों को अवैध रूप से बेचने वाले एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है।

उन्होंने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर एनसीबी जम्मू ने 16 नवंबर की सुबह उधमपुर जिले के चेनानी स्थित मदा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका जिसके परिणामस्वरूप डोडा जिले के भदरवाह निवासी से सात किलोग्राम कोडीन आधारित कफ सिरप (सीबीसीएस) जब्त किया गया। एनसीबी जम्मू ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और कश्मीर घाटी में की गई आगे की जांच में अनंतनाग जिले के निवासी संदिग्ध मुख्य प्राप्तकर्ता को गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने आगे बताया कि एनसीबी जम्मू और एनसीबी दिल्ली ने दिल्ली में आपूर्ति के लिंक की जांच करते हुए 18 नवंबर को दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और 356 बोतलें सीबीसीएस बरामद कीं। प्रवक्ता ने बताया कि आगे की पूछताछ से दिल्ली के शाहदरा में किराए के परिसर में चल रहे एक गुप्त गोदाम का पता चला। उन्होंने बताया कि 18 और 19 नवंबर को की गई तलाशी में ट्रामडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्रजेपाम और कोडीन युक्त पांच लाख से अधिक गोलियां, कैप्सूल और दवाइयों की बोतलें बरामद हुईं। नशीले पदार्थों पर नियंत्रण के विज़न दस्तावेज़ में उल्लिखित नेटवर्क-केंद्रित प्रवर्तन दृष्टिकोण के अनुरूप, एनसीबी जब्त किए गए सीबीसीएस (नशीली दवाओं) का आपूर्ति श्रृंखला के माध्यम से पता लगा रही है ताकि यह पता चल सके कि इसे कहाँ और कैसे डायवर्ट किया गया और किसने इसे डायवर्ट करने में मदद की।

उन्होंने कहा कि जांचकर्ता अपस्ट्रीम आपूर्तिकर्ताओं और डाउनस्ट्रीम वितरकों के सुरागों का पीछा कर रहे हैं और नेटवर्क को बनाए रखने वाले वित्तीय संबंधों की जांच कर रहे हैं। एनसीबी ने कहा कि उद्देश्य स्रोत पर ही आपूर्ति को रोकना और वितरण एवं वित्तपोषण व्यवस्थाओं को नष्ट करना है जो नेटवर्क को संचालित करने में सक्षम बनाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता