जंतर-मंतर पर छात्रों के समर्थन में गरजे अमरीश जसरोटिया-कहा आवाज दबाना लोकतंत्र पर हमला, न्याय तक संघर्ष जारी रहेगा
कठुआ, 23 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में कठुआ के युवा नेता अमरीश जसरोटिया ने जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जसरोटिया ने अपने संबोधन में कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के मुद्दों को नजरअंदाज करना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय दमनात्मक रवैया अपना रही है, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। जसरोटिया ने युवाओं से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने का आह्वान किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के समर्थन में एकजुटता दिखाई। जंतर-मंतर पर बढ़ती भीड़ और समर्थन से आंदोलन को नई मजबूती मिलती नजर आ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया