आरटीओ कश्मीर ने भीषण गर्मी के बीच लोगों से ऑफिस न आने की अपील की, वाटसआप हेल्पलाइन शुरू की
श्रीनगर, 30 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी को देखते हुए कश्मीर के रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस ने लोगों के लिए एक एडवाइज़री जारी की है। इसमें कहा गया है कि जब तक बहुत ज़रूरी न हो लोग ऑफिस न आएं। मंगलवार को जारी एक नोटिस में आरटीओ ने कहा कि जिन नागरिकों को आरटीओ सेवाओं से जुड़ी कोई समस्या या शिकायत है या जिन्हें मदद की ज़रूरत है वे पूरी जानकारी वाटसआप नंबर 9622002432 पर भेजें।
ऑफिस ने भरोसा दिलाया है कि समस्याओं को 48 घंटों के अंदर हल करने की पूरी कोशिश की जाएगी। अगर और जानकारी या दस्तावेज़ों की ज़रूरत होगी तो आवेदकों को वाटसआप पर जवाब देकर बता दिया जाएगा। बयान में लोगों से अपील की गई है कि वे वाटसआप सुविधा का इस्तेमाल करें और गर्मी के दौरान बेवजह ऑफिस आने से बचें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता