श्री अमरनाथ यात्रा: 4.22 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन

 

श्रीनगर, 27 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 4.22 लाख के पार पहुंच गई है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त (डिविजनल कमिश्नर) अंशुल गर्ग ने सोमवार को बताया कि अब तक 4.22 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी होने के कारण फिलहाल यात्रा बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है।

श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत में गर्ग ने कहा कि यात्रा का संचालन पूरी तरह मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप किया जा रहा है। किसी भी दिन यात्रा शुरू करने से पहले मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की मौसम संबंधी सलाह और दोनों मार्गों की स्थिति का विस्तृत आकलन किया जाता है। इसके बाद ही श्रद्धालुओं की आवाजाही की अनुमति दी जाती है।

उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों में खराब मौसम के कारण यात्रा अस्थायी रूप से रोकनी पड़ी थी। बाद में निरीक्षण में पहलगाम मार्ग के कुछ हिस्सों में मरम्मत की आवश्यकता पाई गई, जिस पर सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहलगाम मार्ग बंद होने के बावजूद पिछले दो दिनों से बालटाल मार्ग से यात्रा सुचारु रूप से जारी है।

संभागीय आयुक्त ने यात्रा के सफल संचालन का श्रेय बचाव दलों, स्वास्थ्य कर्मियों, सफाई कर्मियों, कैंप कमांडरों, जिला प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों को दिया।

अंशुल गर्ग ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 28 से 31 जुलाई के बीच भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए प्रत्येक शाम श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों में मौसम के पूर्वानुमान और यात्रा मार्गों की स्थिति का आकलन करने के बाद अगले दिन यात्रा संचालित करने अथवा रोकने का निर्णय लिया जाता है। उन्होंने बताया कि पहलगाम मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन इसे दोबारा खोलने का समय काफी हद तक मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह