नागरोता में पंचायत कॉन्फ्रेंस की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

 

जम्मू,, 16 मार्च (हि.स.)। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के जिंद्रा स्थित नरसिंह मंदिर में ऑल जम्मू-कश्मीर पंचायत कॉन्फ्रेंस द्वारा शुरू की गई 72 घंटे की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इस आंदोलन का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष अनिल शर्मा कर रहे हैं। शनिवार से शुरू हुए इस धरने में आसपास के गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग समर्थन देने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि नागरोता को पूर्ण उपमंडल का दर्जा देते हुए वहां एसडीएम कार्यालय स्थापित किया जाए, जिंद्रा को तहसील बनाया जाए और डंसाल ब्लॉक में तहसील ट्रेजरी स्थापित की जाए। इसके अलावा नागरोता क्षेत्र में दुर्घटना और ट्रॉमा अस्पताल स्थापित करने, सरकारी डिग्री कॉलेज जिंद्रा के लिए नई इमारत बनाने, कॉलेज भवन को हुए नुकसान की जांच कराने और स्कूलों व कॉलेजों में खाली पड़े शिक्षकों के पद भरने की भी मांग की जा रही है। संगठन के अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता