जम्मू संभाग में कई दिनों तक सामान्य मौसम बने रहने के बाद मंगलवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया

 

जम्मू, 24 फ़रवरी (हि.स.)।

जम्मू कश्मीर के मौसम को लेकर ताजा अपडेट सामने आई है। जम्मू संभाग में कई दिनों तक सामान्य मौसम बने रहने के बाद मंगलवार सुबह अचानक घना कोहरा छा गया। कोहरे की मोटी परत के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई और करीब 10 मीटर की दूरी तक भी साफ देख पाना मुश्किल हो गया।

सुबह के समय दफ्तर और स्कूल जाने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों को हेडलाइट्स जलाकर गाड़ियां चलानी पड़ीं जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हालात और भी चुनौतीपूर्ण रहे। कोहरे का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों पर देखा गया जिन्हें ठंड और धुंध दोनों का सामना करना पड़ा। करीब सुबह 8 बजे सूर्य के दर्शन तो हुए लेकिन घने कोहरे के कारण धूप भी फीकी नजर आई।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से सामान्य बना रहने की संभावना है। हालांकि 28 फरवरी से मौसम में बदलाव आ सकता है। कश्मीर के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और ढलान वाले इलाकों में जहां फिसलन और हिमस्खलन का खतरा बना रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता