नवरात्रि-दशहरा पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक पुख्ता इंतजाम
हीरानगर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी नवरात्रि और दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर एसडीएम हीरानगर फूलैल सिंह जेकेएएस की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। बैठक में पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सहित विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा की गई।
एसडीएम ने संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। पीएचई को मंदिरों व धार्मिक स्थलों पर पेयजल, पीडीडी को निर्बाध बिजली आपूर्ति, पीडब्ल्यूडी को सड़कों की मरम्मत व गड्ढे भरने तथा स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीमें, एंबुलेंस व आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। नवरात्रि के दौरान झांडी स्थित काली माता मंदिर तथा दशहरा की पूर्व संध्या व पर्व के दिन निर्धारित दशहरा मैदान में फायर टेंडर तैनात करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बाजारों, खाद्य स्टॉलों और मेलों में खाद्य सुरक्षा की जांच के लिए संयुक्त निरीक्षण दल गठित किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और लोगों से प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में एसडीपीओ हीरानगर बॉर्डर करण चलोत्रा, तहसीलदार हीरानगर अनूप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा धार्मिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया