जख हत्याकांड का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद
सांबा, 06 अक्टूबर (हि.स.)। विजयपुर पुलिस ने जख में हुए हत्या के मामले को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार बीते 5 अक्तूबर को शाम करीब 5ः40 बजे पुलिस थाना विजयपुर को जख स्थित पावर हाउस के पास गोली चलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गोली लगने से जख निवासी अतीश शर्मा उर्फ अट्टू पुत्र ओंकार नाथ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जांच के दौरान सामने आया कि जख बगला राजिंदरपुरा निवासी निखिल शर्मा पुत्र बावा दित्ता ने कथित तौर पर भूमि विवाद के चलते अतीश शर्मा पर पिस्तौल से गोली चलाई थी। इसके बाद पुलिस थाना विजयपुर में एफआईआर संख्या 163/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/27 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी निखिल शर्मा को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता के संबंध में खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद कर नियमानुसार कब्जे में ले ली गई। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और वारदात से जुड़े सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया