एसीबी की बड़ी कार्रवाई-पहलगाम खाद्यान्न गबन मामले में 5 दोषी करार, कुपवाड़ा में पूर्व बीडीओ सहित 5 के खिलाफ चार्जशीट
जम्मू, 20 अप्रैल (हि.स.)। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। अनंतनाग की विशेष एंटी करप्शन अदालत ने पहलगाम सर्किल में खाद्यान्न गबन मामले में पांच तत्कालीन स्टोरकीपरों को दोषी करार दिया है।
अदालत ने पाया कि आरोपियों ने वर्ष 1989 के दौरान खाद्यान्न और खाली बोरों की हेराफेरी कर सरकारी खजाने को लगभग 3.64 लाख का नुकसान पहुंचाया। यह मामला 1990 में दर्ज हुआ था और लंबी सुनवाई के बाद अब फैसला आया है। सजा की अवधि पर 24 अप्रैल 2026 को सुनवाई होगी।
वहीं एक अन्य मामले में एसीबी ने कुपवाड़ा के तत्कालीन बीडीओ सहित पांच लोगों के खिलाफ चार्जशीट पेश की है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी विकास कार्यों के नाम पर फर्जी दस्तावेज और रिकॉर्ड तैयार कर करीब 4.86 लाख की राशि का गबन किया। एसीबी के अनुसार आरोपियों ने फर्जी फंड ट्रांसफर ऑर्डर बनाकर पैसे को निजी खातों में ट्रांसफर किया और सरकारी रिकॉर्ड में भी छेड़छाड़ की। इस मामले में तीन सरकारी अधिकारी और दो निजी व्यक्ति शामिल हैं। एसीबी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश जाता है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया