एसीबी ने अवैध खनन मामले में माइनिंग अधिकारियों और निजी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

 

उधमपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने अवैध खनन, तय दरों से अधिक वसूली और ई-चालान में हेराफेरी के मामले में दो माइनिंग अधिकारियों और कुछ निजी व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

आरोपियों के आवासीय और व्यावसायिक ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। जारी एक बयान के अनुसार एसीबी पुलिस स्टेशन उधमपुर में एफआईआर नंबर 09/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर राजीव जम्मू, जिला माइनिंग अधिकारी (रियासी) रामेश्वर सांगरा, स्वर्ण सिंह राठौर और अन्य निजी व्यक्तियों को नामजद किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने तय सीमा से अधिक खनिजों का खनन किया, लीज की अवधि खत्म होने के बाद भी खनन जारी रखा, सरकारी दरों से अधिक पैसे वसूले, ई-चालान का गलत इस्तेमाल किया और बिना वैध 'कंसेंट टू ऑपरेट' के स्टोन क्रशर यूनिटें चलाईं।

एसीबी ने बताया कि जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि सरकारी कर्मचारियों ने निजी ऑपरेटरों के साथ मिलीभगत करके इन गतिविधियों को अंजाम देने में मदद की है। बयान के मुताबिक हर आरोपी की भूमिका, अवैध खनन और परिवहन के दायरे तथा सरकारी खजाने को हुए नुकसान की जांच की जा रही है। आरोपियों के घरों और व्यावसायिक परिसरों में तलाशी ली गई है और मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह