‘मिशन साहसी’, ‘युवती सम्मेलन’ और ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान होंगे शुरू
जम्मू,, 24 अगस्त (हि.स.)।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख इकाई ने सांबा के रामगढ़ में 22 और 23 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय प्रांत कार्यकारिणी बैठक के समापन के बाद जम्मू में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छात्र केंद्रित कई अभियानों की घोषणा की। प्रदेश मंत्री सनक श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की वर्तमान स्थिति तथा शिक्षा व्यवस्था को लेकर दो प्रस्ताव पारित किए गए। उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, शैक्षणिक असमानताओं को दूर करना और विद्यार्थियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। इस दौरान छात्राओं के लिए ‘मिशन साहसी’ के तहत आत्मरक्षा प्रशिक्षण, ‘युवती सम्मेलन’ के जरिए शिक्षा, सुरक्षा और करियर जैसे मुद्दों पर संवाद, कृषि शिक्षा एवं करियर के प्रति जागरूकता के लिए ‘एग्रीविजन’ अभियान तथा युवाओं को मोबाइल और स्क्रीन के अत्यधिक इस्तेमाल से दूर कर खेल, शारीरिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामाजिक सेवा से जोड़ने के लिए ‘स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम’ अभियान की घोषणा की गई।
इसके अलावा ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष और गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर विशेष सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की भी जानकारी दी गई। सनक श्रीवास्तव ने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य युवाओं को अनुशासित, आत्मविश्वासी और सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता