‘आप हमारे हैं कौन’ ने रचा इतिहास, नेशनल थिएटर फेस्टिवल में एकमात्र बाल नाटक का चयन
जम्मू, 19 मार्च (हि.स.)। प्रख्यात रंगनिर्देशक बलवंत ठाकुर के चर्चित बाल नाटक “आप हमारे हैं कौन” ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 26वें राष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव अमृतसर 2026 में चयनित होने वाला एकमात्र बाल नाटक बनने का गौरव प्राप्त किया है। यह प्रतिष्ठित महोत्सव 21 से 30 मार्च 2026 तक अमृतसर में आयोजित होगा जिसमें यह नाटक 25 मार्च को विरसा विहार में मंचित किया जाएगा।
साल 1994 में लिखे गए इस नाटक ने देश का सबसे लंबे समय तक मंचित होने वाला बाल नाटक बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। तीन दशकों से अधिक समय से लगातार प्रासंगिक बने रहने के साथ यह 300 से अधिक प्रस्तुतियों के जरिए देशभर में दर्शकों का दिल जीत चुका है। यह उपलब्धि न केवल भारत बल्कि वैश्विक रंगमंच के इतिहास में भी एक अनूठा उदाहरण मानी जा रही है।
दिल्ली, शिमला, चंडीगढ़, श्रीनगर, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु सहित देश के अनेक प्रमुख शहरों में मंचित इस नाटक को दर्शकों की भारी मांग पर बार-बार प्रस्तुत किया गया है जो इसकी लोकप्रियता और प्रभाव का प्रमाण है। हाल ही में इसे दिल्ली में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव में भी सराहा गया। इस नाटक की खासियत इसकी बाल-केंद्रित सोच है।
बलवंत ठाकुर के अनुसार पारंपरिक बाल रंगमंच में बच्चों को अक्सर वयस्क ढांचे में ढालने की कोशिश की जाती है जो उनकी कल्पना और अनुभव से मेल नहीं खाता। इस सोच से अलग हटते हुए इस नाटक में बच्चों को केवल कलाकार नहीं बल्कि सह-निर्माता के रूप में शामिल किया गया है, जहां उनकी कल्पनाशीलता, खेल और अभिव्यक्ति को पूरी स्वतंत्रता दी गई।
“आप हमारे हैं कौन” केवल एक नाटक नहीं बल्कि एक जीवंत संस्थान बन चुका है। 1994 की मूल टीम के कई बच्चे आज सफल रंगकर्मी और कलाकार बन चुके हैं, जो इसके विचार और शैली को आगे बढ़ा रहे हैं। अमृतसर में होने वाली आगामी प्रस्तुति के साथ यह नाटक न केवल अपनी समृद्ध विरासत का जश्न मनाएगा बल्कि वैश्विक स्तर पर एक ऐतिहासिक पहचान बनाने की ओर भी मजबूत कदम बढ़ाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा