17.71 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
कठुआ, 29 अप्रैल (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लखनपुर अधिकार क्षेत्र धनोड़ इलाके में कार्रवाई करते हुए लगभग 17.71 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) जैसी नशीली पदार्थ बरामद कर एक तस्कर को मौके पर गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विश्वसनीय सूत्रों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना लखनपुर की टीम ने विशेष नाका लगाया। यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा डीएसपी डीएआर कठुआ की निगरानी में की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका जिसकी पहचान नवीन कुमार पुत्र हंस राज निवासी वार्ड नंबर 04 धनोड़ तहसील व जिला कठुआ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 17.71 ग्राम हेरोइन जैसी नशीली पदार्थ बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। आरोपी को तुरंत हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इस संबंध में थाना लखनपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 40/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 के अंतर्गत केस दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसके लिए 112 या 9858034100 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कठुआ पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया