श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 की तैयारियों काे लेकर हुई समीक्षा बैठक, समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश
कठुआ, 15 अप्रैल (हि.स.)। आगामी श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने डीसी कार्यालय परिसर में एक अहम बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
बैठक में यात्रा के सुचारू और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से लखनपुर कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण, नए बुनियादी ढांचे के निर्माण, मौजूदा सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत सेवाओं के उन्नयन और यात्रियों के लिए ठहरने के केंद्रों (लॉजमेंट सेंटर) में सुधार पर जोर दिया गया। डीसी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूरा किया जाए और सेवा गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं के लिए समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यों के निष्पादन में कोई बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और संभावित चुनौतियों का पहले से आकलन कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, आवास, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी बल दिया। बैठक में विश्वजीत सिंह, रणजीत ठाकुर सहित अन्य जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया