जनसमस्याओं के समाधान के लिए लगाया पब्लिक दरबार, राजस्व, पेंशन, सड़क, जलापूर्ति और शहरी विकास से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे
जम्मू, 18 जून (हि.स.)। विधायक युधवीर सेठी द्वारा आयोजित पब्लिक दरबार में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और इलाकों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। लोगों ने राजस्व मामलों, भूमि विवादों, पेंशन, जनकल्याणकारी योजनाओं, यातायात जाम, पार्किंग, सार्वजनिक सुरक्षा, सड़क मरम्मत, जलापूर्ति, स्वच्छता और ड्रेनेज व्यवस्था सहित कई मुद्दों को उठाया।
युधवीर सेठी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वास्तविक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
कई मामलों का मौके पर ही अधिकारियों से बातचीत कर निस्तारण किया गया जबकि अन्य मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा