बैसाखी कप फुटबॉल मैच के जरिए नशा मुक्त समाज का संदेश
जम्मू, 14 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के जीजीएम साइंस कॉलेज और मॉर्निंग फुटबॉल क्लब द्वारा आज “बैसाखी कप” फुटबॉल मैच का आयोजन नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज के फुटबॉल ग्राउंड में नेशनल कमेटी फॉर ड्रग एब्यूज कंट्रोल और खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित हुआ जिसमें सिविल सोसायटी के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ खेल प्रेमी जगदीश कुमार गुप्ता, सुरज प्रकाश, दर्शन कुमार, गुलशन भगत, राजेश, विजय कुमार और मदन लाल भी उपस्थित रहे जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मैच में मॉर्निंग फुटबॉल क्लब की दो टीमों एमएफसी-ए और एमएफसी-बी के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। कप्तान विशाल गुप्ता के नेतृत्व में एमएफसी-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2–0 से जीत हासिल की जबकि एमएफसी-बी की अगुवाई विशाल मेहरा ने की। मैच का संचालन रेफरी विजय कुमार और चंदन कुमार ने निष्पक्षता के साथ किया। अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. गुप्ता ने कहा कि नशे के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने खेलों के माध्यम से जागरूकता फैलाने के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित करते हैं।
डॉ. देविंदर कुमार शर्मा ने भी खेलों की सकारात्मक भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि यह युवाओं को गलत आदतों से दूर रखने में मददगार है। वहीं एन्कोर्ड के संयोजक डॉ. राहुल कैत ने सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त समाज बनाने की शपथ ली और जागरूकता फैलाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा