शाहदरा शरीफ में बाबा गुलाम शाह बदशाह के उर्स पर उमड़ा आस्था का सैलाब, वक्फ बोर्ड ने भव्य मस्जिद व अतिथि गृह का किया लोकार्पण
जम्मू, 26 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी ने शुक्रवार को राजौरी के शाहदरा शरीफ स्थित हजरत बाबा गुलाम शाह बदशाह (रह.) के वार्षिक उर्स में भाग लेकर सामूहिक दुआ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा गुलाम शाह बदशाह की शिक्षाएं सदैव समाज को सही मार्ग दिखाती रहेंगी। उन्होंने आशूरा के अवसर पर इमाम हुसैन (अ.स.) और उनके साथियों की सर्वोच्च कुर्बानी को भी याद करते हुए कहा कि सत्य और इंसाफ की रक्षा के लिए दिया गया यह बलिदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उर्स कार्यक्रम के बाद डॉ. अंद्राबी ने वक्फ बोर्ड द्वारा निर्मित अत्याधुनिक ग्रैंड मस्जिद का उद्घाटन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए अतिथि गृह तथा ज़ियारत की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों के लिए बनाए गए सुरक्षा बैरक का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर डॉ. अंद्राबी ने कहा कि शाहदरा शरीफ आज पूरे जम्मू-कश्मीर का एक आदर्श ज़ियारत कॉम्प्लेक्स बन चुका है। उन्होंने बताया कि ग्रैंड मस्जिद का सपना केवल एक वर्ष पहले देखा गया था और वक्फ बोर्ड के इंजीनियरों ने इसे रिकॉर्ड समय में पूरा कर दिया। उन्होंने कहा कि नई मस्जिद में पहली नमाज़ अदा करते समय श्रद्धालुओं की आंखों में खुशी के आंसू देखना वक्फ बोर्ड के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि और प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में वक्फ बोर्ड ने शाहदरा शरीफ दरगाह परिसर में लगातार विकास कार्य कराए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी निर्माण और विकास कार्य बिना किसी सरकारी अनुदान या वित्तीय सहायता के केवल वक्फ बोर्ड के संसाधनों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ पूरे किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा