हनुमान चालीसा और दुर्गा स्तुति पाठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

 


जम्मू, 14 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित सेक्टर-7 शिव मंदिर में बैसाखी की पूर्व संध्या पर हनुमान चालीसा और दुर्गा स्तुति के पाठ का भव्य एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहरभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण बनाया। कार्यक्रम का आयोजन मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा शिव कुमार जॉली के नेतृत्व में किया गया जिनकी देखरेख में सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संपन्न हुईं। पूरे मंदिर परिसर में भजन और मंत्रोच्चारण की गूंज से शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रार्थनाओं के माध्यम से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ हनुमान चालीसा और दुर्गा स्तुति का पाठ किया जिसे अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक भावनाओं को सुदृढ़ किया बल्कि समाज में एकता और भाईचारे को भी मजबूत किया। मंदिर समिति ने जानकारी दी कि 14 अप्रैल (मंगलवार) को बैसाखी पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष आयोजन किए जाएंगे। शाम 4 बजे से 6 बजे तक हनुमान चालीसा और दुर्गा स्तुति का विशेष पाठ आयोजित होगा जिसमें सभी श्रद्धालुओं को शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा