कुके चक में भीषण आग से 200 कनाल गेहूं की फसल राख, किसानों ने मुआवजे की लगाई गुहार
कठुआ, 22 अप्रैल (हि.स.)। कठुआ शहर के समीप कुके चक क्षेत्र में लगी भीषण आग ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। आग की इस घटना में करीब 200 कनाल भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। यह फसल लगभग पांच किसानों की बताई जा रही है जिनकी आजीविका पूरी तरह खेती पर ही निर्भर है।
जानकारी के अनुसार फसल में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने तेजी से फैलकर विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, लेकिन किसानों का आरोप है कि दमकल विभाग की गाड़ियां करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंचीं। तब तक अधिकांश फसल जल चुकी थी।
किसानों ने बताया कि पहले ही समय पर बारिश न होने और नहरों में पानी की कमी के कारण फसल प्रभावित थी। ऐसे में कटाई के समय यह आग की घटना उनके लिए भारी नुकसान साबित हुई है। कई महिला किसान मौके पर बिलखती नजर आईं और उन्होंने बताया कि उनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है। पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कृषि विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए और जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।
किसानों का कहना है कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता तो कुछ फसल को बचाया जा सकता था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया